Gujarat ATS ने वडोदरा से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध के लिंक जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोपी को वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्त में लिया गया है।
गुजरात ATS ने आतंकी साजिश को नाकाम करने में बड़ी सफलता हासिल की है। ATS ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। जिस पर वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सहारुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो असम का रहने वाला बताया गया है। संदिग्ध के मोबाइल से वायुसेना स्टेशन की रेकी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। ATS पिछले 6 महीने से मोहम्मद सहारुल इस्लाम की तलाश कर रही थी। वह पिछले एक साल से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में था।
गुजरात ATS का बड़ा एक्शन
– गुजरात एटीएस ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध मोहम्मद सहारुल इस्लाम को किया गिरफ्तार
– ATS के मुताबिक वह वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की तैयारी कर रहा था
– उसके मोबाइल से एयरफोर्स स्टेशन की फोटो और वीडियो के साथ जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री भी मिली है
– उसके पास से AK-47 जैसी ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल, 2 मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस
– जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, 2 मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है
– जांच के मुताबिक आरोपी असम से बस और ट्रेन के जरिए गुजरात आया था
– वह सार्वजनिक जगहों पर आतंकी हमला करने की फिराक में था
– वडोदरा में वह रेलवे स्टेशन के पास रुका हुआ था
– ATS पिछले 6 महीने से मोहम्मद सहारुल इस्लाम की तलाश कर रही थी
– वह पिछले एक साल से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में था
– इस ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए हैंडलर ने उसे 50,000 रुपये दिए थे
ATS के मुताबिक, आरोपी का इरादा आतंकी घटना को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान जाकर जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने का था, ताकि वह ‘शहादत’ हासिल कर सके। आरोपी के खिलाफ ‘गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम’ (UAPA) और ‘भारतीय न्याय संहिता’ (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है, और उसे संबंधित अदालत के सामने पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल गुजरात एटीएस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियां खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: अखिलेश के PDA प्रणपत्र पर BJP का हमला, मायावती ने भी घेरा! | UP Politics







