Lucknow Police: अपना खोया या चोरी हुआ फोन वापस मिल जाए, तो चेहरे पर मुस्कान आना तय है। इसी कड़ी में लखनऊ पुलिस ने लौटाए 233 mobile phone, जिनकी कुल कीमत करीब 50.50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से लखनऊ के साथ-साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी ये फोन खोज निकाले हैं।
डीसीपी पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर सेल, सर्विलांस सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीमों ने मिलकर यह काम किया।
किस कंपनी के कितने फोन मिले
बरामद किए गए 233 मोबाइल फोन में सबसे ज्यादा 55 रेडमी कंपनी के हैं। इसके अलावा ओप्पो के 40, वीवो के 39, रियलमी के 35, वनप्लस के 29, सैमसंग के 20 और अन्य कंपनियों के 15 फोन मालिकों को सौंपे गए हैं।
थाना स्तर पर देखें तो नाका पुलिस ने सबसे ज्यादा 45 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कीमत 9.75 लाख रुपए से अधिक है। इसके बाद चौक पुलिस ने 44, पश्चिमी सर्विलांस सेल ने 41 और पारा पुलिस ने 38 फोन खोजे। ठाकुरगंज, वजीरगंज, दुबग्गा, सआदतगंज, तालकटोरा, अमीनाबाद, काकोरी, बाजारखाला और कैसरबाग पुलिस ने भी कई फोन बरामद किए।
फोन गुम होने पर क्या करें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। सबसे पहले प्ले स्टोर से UPCOP ऐप डाउनलोड करें और अपने पुराने नंबर का नया सिम लें। फिर ऐप पर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट (LAR) दर्ज कराएं।
इसके बाद आधार कार्ड और फोन के बिल की पीडीएफ फाइल (PDF File) तैयार रखें और भारत सरकार के CEIR portal पर अपनी शिकायत डाल दें। फोन ट्रेस होने का नोटिफिकेशन मिलते ही आप नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क कर अपना मोबाइल वापस ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Kashi Tamil Sangamam 5.0: तमिलनाडु से पहुंचेंगे 1,400 से ज्यादा मेहमान, जानें पूरा कार्यक्रम






