Kashi Ganga Mahotsav : काशी गंगा महोत्सव की दूसरी शाम संगीत और भक्ति के नाम, नमो घाट पर कलाकारों ने बांधा समां

Share This Article

Kashi Ganga Mahotsav : वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित काशी गंगा महोत्सव की दूसरी शाम संगीत, नृत्य और भक्ति के नाम रही। मां गंगा की लहरों के सामने कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर शाम तक मंत्रमुग्ध रहे। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच करीब साढ़े चार घंटे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में 15 कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत, लोक गायन और कथक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। मौसम में ठंडक और हल्की बारिश के बावजूद कलाकारों का उत्साह कम नहीं हुआ। नमो घाट के मुक्ताकाशीय मंच पर प्रकृति और कला का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

गणेश वंदना से हुई सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत

महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत दोपहर तीन बजे हुई। द्वितीय चरण का शुभारंभ विकास तिवारी ने श्री गणेश वंदना से किया। इसके बाद अमलेश शुक्ला ने काशी और मां गंगा की महिमा से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘काशी गंगा महोत्सव काशी की पहचान है’, ‘पावन गंगा तट की शोभा लगती कितनी प्यारी है’ और ‘कैलाश के निवासी नमो बार-बार हूं’ जैसे गीतों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। आस्था शुक्ला ने भी अपनी गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने ‘हर हर गंगे’, ‘शिव कैलाशों के वासी’, ‘मैं तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘जब जिद पर अड़ गई पार्वती’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में वर्षा तिवारी ने लोकगीतों के जरिए पूर्वांचल की लोक संस्कृति की झलक पेश की। वहीं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने शास्त्रीय गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने राग हंसध्वनि में मध्य तीन ताल की बंदिश ‘शंकर डमरू बाजे’ से गायन की शुरुआत की और भजन ‘जिनके मन में राम’ के साथ अपनी प्रस्तुति पूरी की। इस दौरान उनकी पत्नी ने गायन में साथ दिया। तबले पर पंडित विभास महाराज और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। डॉ. श्वेता पाठक की शास्त्रीय और उपशास्त्रीय गायन की प्रस्तुति भी खास आकर्षण रही। उनके साथ गौरी मिश्रा, अनीश मिश्रा, पंडित ललित कुमार और डॉ. इंद्रदेव चौधरी ने संगीत की सुंदर संगत की। शास्त्रीय संगीत की अगली कड़ी में डॉ. ऋषि मिश्र ने राग यमन कल्याण की मधुर तानों से माहौल को संगीतमय बना दिया। उन्होंने पहाड़ी राग में ठुमरी ‘बंशी वाले श्याम’ और ‘चलो मां गंगा यमुना तीरे’ की प्रस्तुति दी। डॉ. कृतिका मिश्रा ने गायन में उनका साथ दिया। तबले पर प्रशांत मिश्रा और संवादिनी पर ऋतिक शुक्ला ने संगत की।

महोत्सव की दूसरी शाम में कथक नृत्य भी खास आकर्षण रहा। बनारस घराने के कलाकार पंडित सौरभ और गौरव मिश्रा ने भगवान शिव की आराधना के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की। कथक नृत्यांगना अदिति शर्मा ने शिव वंदना ‘जय डमरू धर, जय त्रिपुरारी’ से प्रस्तुति का आगाज किया। उन्होंने तीन ताल में सुंदर ताल पाट दिखाए और गौरी वंदन के साथ प्रस्तुति पूरी की। प्रयागराज से आईं कथक नृत्यांगना वर्षा मिश्रा ने काशी में पहली बार प्रस्तुति दी। उन्होंने भगवान शिव की थीम पर आधारित तराने, गीत और शिव स्तुति पर भावपूर्ण नृत्य किया। कार्यक्रम के अंत में पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कई अन्य कलाकारों ने भी बिखेरे सुर

महोत्सव के मंच पर कई अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई। इनमें विकास मिश्र, प्रियंका सहवाल, आदित्य सारस्वत, सोनी सेठ, सुजीत तिवारी और निलेश-निकेश कुमार मलिक शामिल रहे। इसके अलावा नीरज मिश्र के त्रिशूल बैंड ने समूह वादन की प्रस्तुति दी। भजन, लोकगीत, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की अलग-अलग विधाओं ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

READ MORE : PM Modi Lucknow Visit : कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी- देश के युवाओं की ताकत ही राष्ट्र का भविष्य

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This