CM Yogi: हरिद्वार के चंडी घाट पर पंचतत्व में विलीन हुईं CM योगी की मां, भावुक होकर बेटे ने दिया अंतिम विदाई

CM Yogi

Share This Article

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच उनके छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया, चिता की परिक्रमा की और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंचा पार्थिव शरीर

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू होकर हरिद्वार पहुंची। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार आए। गांव में उन्होंने मां की अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। चंडी घाट पर भी उन्होंने इस परंपरा को निभाते हुए मां की अर्थी को कंधा दिया।

मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक दिखाई दिए। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ समय तक उनके पास खड़े रहे। बताया गया कि मुख्यमंत्री रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। साथ ही, परिजनों और मां की सेवा में लगे लोगों से उनके अंतिम समय के बारे में जानकारी ली।

कई बड़े नेता और संत-महात्मा रहे मौजूद

चंडी घाट पर अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और संजय निषाद समेत 50 से अधिक विशिष्ट लोग अंतिम विदाई में मौजूद रहे। गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।

इसके अलावा, विभिन्न अखाड़ों के संतों और साधु-महात्माओं की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंतों ने वैदिक मंत्रों के साथ अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कराईं। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष चिदानंद सरस्वती भी घाट पर मौजूद रहे। अंतिम संस्कार की तैयारियों की जिम्मेदारी आचार्य बालकृष्ण संभाल रहे थे।

नेताओं ने जताया गहरा शोक

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सीएम की मां के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का जीवन में विशेष स्थान होता है और मां का महत्व सर्वोपरि है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

वहीं, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में उनकी मां के आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मुताबिक, व्यक्ति जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, मां का स्थान कोई नहीं ले सकता।

सोशल मीडिया पर साझा की मां को विदाई देते हुए तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मां की अर्थी को कंधा देते हुए अपनी तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने महाभारत के एक श्लोक के जरिए मां की महत्ता बताई। श्लोक का भाव यह है कि मां जैसा स्नेह, सुरक्षा, आश्रय और संरक्षण देने वाला दुनिया में कोई दूसरा नहीं है।

यह भी पढ़ें: 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 150 से अधिक फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This