Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की टीम ने आजम खान को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सीधे गाजियाबाद की डासना जेल ले जाया गया।
इस दौरान ED की टीम के साथ CRPF और यूपी पुलिस के करीब 100 जवान तैनात रहे। बता दें कि ED ने शनिवार शाम आजम खान को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया था, जब वह करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। गिरफ्तारी के बाद ED उन्हें दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले गई, जहां उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में कथित तौर पर सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की गई।
एजेंसी ने इस दौरान 50 से ज्यादा सवाल पूछे। गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला की 10 साल की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दी थी। इसके बाद दोनों रामपुर जेल से रिहा हुए थे। हालांकि, रिहाई के कुछ ही देर बाद ED ने आजम खान को एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: Cyclone Murasu Alert: 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट







