ADMM Plus Meeting : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को नई दिल्ली से फिलीपींस के सेबू के लिए रवाना हुए। वह 28 और 29 अक्टूबर को होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी। साथ ही, भारत और भागीदार देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा तथा रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के नए रास्तों पर विचार किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एडीएमएम-प्लस क्षेत्रीय रक्षा और रणनीतिक मामलों पर विचार-विमर्श का प्रमुख मंच है। वह इस मंच पर क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े साझा मुद्दों पर भारत का पक्ष रखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपनी एक्ट ईस्ट नीति के तहत आसियान की केंद्रीय भूमिका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं सामूहिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। दौरे के दौरान रक्षा मंत्री विभिन्न भागीदार देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा होगी।
एडीएमएम-प्लस में दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 आसियान सदस्य देशों के साथ भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भाग लेंगे। यह मंच सदस्य देशों और संवाद साझेदारों को रक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सीधे विचार-विमर्श का अवसर देता है। बैठक में आतंकवाद के खिलाफ क्षेत्रीय सहयोग भी अहम मुद्दा रहेगा। वर्ष 2024 से 2027 के कार्यकाल के लिए भारत और मलेशिया आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्यसमूह की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। ऐसे में सेबू में होने वाली बैठक के दौरान आतंकवाद से निपटने और साझा सुरक्षा हितों को आगे बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
READ MORE : लखनऊ में रासायनिक रिसाव से मचा हड़कंप, अग्निशमन और SDRF ने संभाला मोर्चा







