Sonbhadra News : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर में सोमवार को आयोजित समारोह में नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आशीर्वाद दिया। इस कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की। समारोह का आयोजन समाज कल्याण विभाग की ओर से किया गया।
सोनभद्र सामूहिक विवाह योजना में शामिल हुए 225 जोड़े
कार्यक्रम में कुल 225 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 216 हिंदू और नौ मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी ने अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं। विकासखंडों में म्योरपुर से सबसे ज्यादा 43 जोड़े शामिल हुए। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज से 38, घोरावल से 29, बभनी से 24, चोपन से 21 और करमा से 19 जोड़ों का विवाह हुआ। दुद्धी से 15, चतरा से 11, कोन से आठ, नगवां से पांच और नगर पालिका क्षेत्र से 12 जोड़े इस आयोजन का हिस्सा बने।
समारोह में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह और नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) और जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में क्या मिलता है?
जिला समाज कल्याण अधिकारी के मुताबिक, योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के दांपत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके अलावा 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई। इसमें गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन और मिठाई समेत अन्य सामान शामिल हैं।







