Mary Millben on PM Modi’s 25 years: प्रसिद्ध अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मिलबेन ने पीएम मोदी को ‘भारत के सपनों का प्रतीक’ करार दिया और दुनियाभर के भारतीयों से अपील की कि वे अपने राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर देश के इस नेतृत्व का सम्मान और जश्न मनाएं।
PM Modi का सफर हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा
अपने वीडियो संदेश में मैरी मिलबेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2001 से शुरू हुआ सार्वजनिक सेवा का यह सफर कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भारतीय समाज के सपनों की एक चमकती हुई मिसाल हैं। वे युवा हों या बुजुर्ग, हर किसी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने की सीख देते हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग—चाहे वह किसान हो, सैनिक हो, महिला हो या बच्चा—सभी की आवाज बनने और उनके कल्याण के लिए तत्पर रहने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की।
वैश्विक स्तर पर मजबूत नेतृत्व की पहचान
मिलबेन ने प्रधानमंत्री मोदी को एक ऐसा वैश्विक नेता बताया जो विश्व स्तर पर अधिक स्वस्थ, समृद्ध और समान समाज के निर्माण में जुटा हुआ है। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि हर देश में अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन बहुत कम राष्ट्रों को लगातार इतने सालों तक ऐसा मजबूत और प्रभावशाली नेतृत्व मिल पाता है। उन्होंने भारतीयों से आग्रह किया कि वे पार्टी और दलीय राजनीति से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के रूप में साथ आएं और इस लंबे नेतृत्व काल की सफलता को स्वीकार करें।
लोकतांत्रिक आजादी और युवाओं का सशक्तिकरण
अमेरिकी गायिका ने भारत को एक ऐसा देश बताया, जिसके पास लोकतांत्रिक आजादी है और साथ ही एक ऐसा नेता भी मौजूद है जो पूरी ईमानदारी से उसकी रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भारत में आज आर्थिक मौके बढ़ रहे हैं और देश के युवाओं को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। संदेश के अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री मोदी की उत्तम सेहत और दीर्घायु की कामना करते हुए 25 वर्षों के बेमिसाल सेवा काल के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
