Sultanpur Accident : 100 की रफ्तार में ट्रक से टकराई Ertiga, 3 टेनिस खिलाड़ियों की गई जान

Share This Article

Sultanpur Accident : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसा

यह हादसा सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 5 बजे कार अचानक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में सवार कई लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला।

100 की स्पीड में ट्रक से टकराई कार

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उस समय कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। तेज रफ्तार के कारण ट्रक से टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे की तस्वीरें देखकर टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, हादसे की पूरी वजह और ट्रक की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे में देवरिया के रहने वाले तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में आनंद यादव (23), राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले जयंतो शर्मा (30) घायल हुए हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

घायल जयंतो शर्मा ने हादसे के बाद बताया कि कार में सवार लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई और उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि कार ट्रक के अंदर घुसी हुई थी और उनके साथी गंभीर रूप से घायल थे। जयंतो के मुताबिक, राहगीरों ने मदद की और कार का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस कर रही मामले की जांच

सुल्तानपुर पुलिस हादसे की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर झपकी आने और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार किस ट्रक से टकराई और हादसे के बाद ट्रक मौके से कैसे निकला। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड मार्ग पर इतनी तेज रफ्तार में वाहन चलाते समय ड्राइवर की छोटी सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

READ MORE : Mathura News: वृंदावन के गुरुकुल में हादसा, पानी के टैंक में जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This