Greater Noida Expressway : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस इसकी चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में आग
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में सेक्टर-150 के पास हुई। चलती बस में अचानक आग लगने के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बस में 32 यात्री थे सवार
अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय बस में कुल 32 लोग सवार थे। अच्छी बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, यात्रियों का सामान बस के अंदर ही रह गया और आग में जल गया। यात्रियों को आगे बिहार भेजने के लिए प्रशासन की ओर से दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है।
बस में आग का Video आया सामने
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने का खौफनाक Video भी सामने आया है। वीडियो में बस आग की तेज लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि इससे पहले 24 सितंबर को भी इसी एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लग गई थी। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और कई यात्री घायल हुए थे। ऐसे में एक बार फिर चलती बस में आग लगने की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने क्या बताया?
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार शाम बस में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। अभी तक आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Cabinet Decisions: ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबारियों के लिए सरकार का बड़ा कदम, जानिए कैसे होगा फायदा


