Nigeria Air Force plane crash: अफ्रीकी देश नाइजीरिया (Nigeria) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दक्षिण-पश्चिमी नाइजीरिया में वायु सेना (Air Force) का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें सवार सभी 32 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 25 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य शामिल थे। राष्ट्रपति बोला टिनूबू (Bola Tinubu) ने इस हादसे पर गहरा शोक जताते हुए इसे देश और सशस्त्र बलों के लिए एक बड़ा नुकसान बताया है। आइए जानते हैं कि यह पूरा हादसा किस तरह हुआ और अब तक क्या-क्या जानकारियां सामने आई हैं।
बेनिन सिटी से लागोस के लिए उड़ी थी उड़ान
नाइजीरियाई नागरिक उड्डयन मंत्रालय और वायु सेना के अनुसार, यह ATR-42 विमान अपने नियमित मिशन पर था। विमान बेनिन सिटी से लागोस के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद सुबह करीब 8:13 बजे (जीएमटी) एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। काफी देर तक संपर्क न होने पर खोजबीन शुरू की गई। बाद में ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके के पास दलदली क्षेत्र में विमान का मलबा बरामद हुआ, जिसके बाद राहत और बचाव दल को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों ने सुनी धमाके जैसी आवाज
दुर्घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि प्लेन गिरने से ठीक पहले उन्होंने एक तेज आवाज सुनी थी। पास के गांव में रहने वाली एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के वक्त उन्हें बिजली कड़कने जैसी जोरदार आवाज सुनाई दी। जब वहां पास के दलदल में मछली पकड़ रहे एक स्थानीय नागरिक ने विमान का मलबा देखा, तो उसने तुरंत पास के नौसैनिक अड्डे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नौसेना और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य संभाला।
हादसे की जांच के आदेश और राष्ट्रीय शोक
राष्ट्रपति बोला टिनूबू ने इस दुखद घड़ी में शहीद हुए वायु सेना कर्मियों और यात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने वायु सेना प्रमुख को घटना की गहन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि हादसे की सटीक वजह का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का आदेश दिया है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान पूरी होने और उनके परिवारों को सूचना देने के बाद सूची जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Lucknow Airport Fire: चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लेबर कैंप में लगी भीषण आग, 3 मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक



