Asian games 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम (India women’s national field hockey team) ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए देश के लिए एक और मेडल पक्का कर लिया है। बुधवार को जापान के काकामिगहारा में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया (South Korea) को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। अब स्वर्ण पदक के लिए भारत का सामना चीन से होगा।
शुरुआती 2 क्वार्टर में बना रहा गोल का सूखा
सलीमा टेटे के नेतृत्व में मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा। पहले क्वार्टर में भारत को गोल करने के कई मौके और पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन दक्षिण कोरिया की मजबूत रक्षापंक्ति ने उन्हें भुनाने नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय फॉरवर्ड्स ने लगातार दबाव बनाए रखा। नवनीत कौर के एक बेहतरीन शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने डाइव लगाकर रोक लिया। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 की बराबरी पर रहा।
इशिका के गोल से भारत ने खोला खाता
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा और कोरियाई डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। आखिरकार 44वें मिनट में भारत की मेहनत रंग लाई। इशिका ने एक शानदार मूव पर सटीक फिनिशिंग करते हुए गेंद को नेट में डाल दिया। इस गोल के साथ ही भारत ने मैच में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली, जिससे टीम का हौसला और बढ़ गया।
सलीमा के शानदार मूव से पक्की हुई जीत
चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने विरोधी टीम पर शिकंजा कस दिया। कप्तान सलीमा टेटे ने दाईं ओर से गेंद को संभालते हुए शूटिंग सर्कल के अंदर एक बेहतरीन मूव बनाया। उन्होंने बेसलाइन से गेंद को पीछे मोड़ा, जो दक्षिण कोरियाई डिफेंडर की स्टिक से टकराकर दिशा बदलते हुए गोल में चली गई। इस गोल के बदौलत भारत की बढ़त 2-0 हो गई। इसके बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी के कुछ प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने अंत तक अपनी दीवार मजबूत रखी और 2-0 से मुकाबला जीत लिया।
44 साल का सूखा खत्म करने का मौका
भारतीय महिला हॉकी टीम अब 1982 के बाद पहली बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के मुहाने पर खड़ी है। पूरे टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। भारत ने अपने सभी पूल मैच जीतकर सेमीफाइनल का सफर तय किया था। अब शुक्रवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा, जहां टीम की नजरें गोल्ड मेडल और 2028 ओलंपिक के सीधे टिकट पर होंगी।
यह भी पढ़ें: Rabi फसलों की MSP दरों में बढ़ोतरी: केंद्र सरकार ने बढ़ाईं 6 फसलों की दरें, किसानों की आय में होगा इजाफा


