Amroha Hasanpur Police: अमरोहा के हसनपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान से करीब 34 लाख की चोरी का मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस जांच के दैरान आरोपियों के पास से लगभग 33 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 1.05 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसका मास्टरमाइंट पीड़ित का भतीजा है, जिसने मौके का लाभ उठाकर अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
भतीजे ने दो साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
हसनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी निसार अहमद 21 सितंबर को अपने परिवार के साथ दिल्ली गए थे, जिस दौरान उनके बंद मकान को निशाना बनाकर भतीजे अनस ने अपने दो साथियों आसिफ और नूर मोहम्मद के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 34 लाख की चोरी को अंजाम दिया, जिसमें लगभग 33 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख पांच हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं।
तीनों आरोपी हसनपुर निवासी हैं
लगभग 34 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपी हसनपुर निवासी है, जिनकी पहचान अनस (21) पुत्र कासिम, निवासी कायस्थान, आसिफ (24) पुत्र अमीर हसन, निवासी लालबाग ऊंचा और नूर मोहम्मद (20) पुत्र हसमत अली, निवासी काला शहीद, पूठ रोड, हसनपुर के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक नूर मोहम्मद के खिलाफ 2021 में हसनपुर थाने में आईपीसी की धारा 411, 413, 414, और 420 के तहत मुकदमा दर्ज है।
चोरी हुए सामान और नकदी के बंटवारे के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
तीनों आरोपी 25 सितंबर की रात ईदगाह चौराहा स्थित कब्रिस्तान के पास कथित तौर पर चोरी किए हुए सामान और नकदी का बंटवारा कर रहे थे, जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर हसनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार किया। आरोपियों ने लगभग 85 हजार रुपए आपस में बांटकर खर्च कर लिए थे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 33 लाख की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 5 हजार रुपए बरामद किए।



