महिला सशक्तीकरण पर केंद्र का जोर, 25 नवंबर से शुरू होगा Nayi Chetna 5.0 अभियान

Share This Article

Nayi Chetna 5.0 : महिलाओं को सिर्फ योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और फैसले लेने में सक्षम बनाना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ अभियान का पांचवां संस्करण शुरू करने जा रही है। नई चेतना 5.0 की शुरुआत 25 नवंबर को होगी। यह अभियान देशभर में 23 दिसंबर तक चलेगा और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका, अधिकार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर ध्यान देगा।

नई चेतना 5.0 कब और कहां शुरू होगा?

ग्रामीण विकास मंत्रालय 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर नई चेतना 5.0 का राष्ट्रीय शुभारंभ करेगा। कार्यक्रम नई दिल्ली के पूसा स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (NASC) के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे आयोजित होगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अभियान की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और ग्रामीण समुदायों से जुड़ी महिला नेता शामिल होंगी।

महिलाओं की आर्थिक आजादी और निर्णय लेने की क्षमता पर जोर

इस बार अभियान की थीम है- ‘पहुंच से अधिकार और निर्णय की क्षमता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण।’ इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और सामाजिक फैसलों में अधिक भागीदारी के अवसर देना है। अभियान में महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान दिलाने, संपत्ति पर अधिकार बढ़ाने, सुरक्षित आवाजाही और घर के कामों की जिम्मेदारी साझा करने जैसे मुद्दों पर काम किया जाएगा।

महिलाओं को बाजार, बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचने में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर भी जोर रहेगा।

15 मंत्रालय मिलकर बढ़ाएंगे महिला सशक्तीकरण

नई चेतना 5.0 के तहत 15 मंत्रालयों और विभागों के बीच संयुक्त परामर्श जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को आपस में जोड़ना और जमीनी स्तर पर उनका बेहतर क्रियान्वयन करना है। इस पहल के जरिए केंद्र, राज्य, जिला और गांव स्तर पर सरकारी विभागों के बीच तालमेल बढ़ाया जाएगा, ताकि महिलाओं को रोजगार, वित्तीय सहायता, संपत्ति के अधिकार और जरूरी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

हिंसा मुक्त गांव बनाने के लिए होगा समझौता

अभियान में हिंसा मुक्त गांव पहल से जुड़ा चार पक्षीय समझौता भी जारी किया जाएगा। इस पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) ने सहमति बनाई है। इस पहल के तहत महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, हिंसा के मामलों में सहायता उपलब्ध कराने और गांवों में शिकायत निवारण व्यवस्था मजबूत करने पर काम होगा। सामुदायिक संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाकर हिंसा की रोकथाम के प्रयास किए जाएंगे।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगी अहम भूमिका

नई चेतना 5.0 को गांवों तक पहुंचाने में स्वयं सहायता समूहों (SHGs), ग्राम संगठनों और महिला महासंघों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अभियान के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर भी शुरू किए जाएंगे, जहां महिलाएं सरकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं और शिकायत निवारण से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। इसके साथ ही महिला नेतृत्व, जमीनी अनुभवों और सफल प्रयासों को साझा करने के लिए पैनल चर्चा भी होगी। पिछले अभियान नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी कर उसकी सीख को इस बार की रणनीति में शामिल किया जाएगा।

नई चेतना अभियान 2022 से लैंगिक हिंसा, भेदभाव और असमानता के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा है। इसके पांचवें संस्करण में महिलाओं के साथ पुरुषों, युवाओं और लड़कों की भागीदारी भी बढ़ाई जाएगी, ताकि घर और समाज में समानता, सम्मान और साझा जिम्मेदारी की सोच विकसित हो सके।

यह भी पढे़ं: Nepal PM Balendra Shah India visit: भारत दौरे पर पहुंचे नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह, 23 नवंबर को PM Modi के साथ करेंगे अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन का उद्घाटन

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This