Piyush Goyal Japan Visit : पीयूष गोयल ने जापानी कंपनियों को दिया बड़ा संदेश, भारत में कारोबार दोगुना करने का किया आह्वान

Share This Article

Piyush Goyal Japan Visit  :  वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को जापानी कंपनियों से भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने और सुजुकी जैसी बड़ी सफलता की कहानियां तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत में पहले से काम कर रही जापानी कंपनियों के बीच से आने वाले वर्षों में ‘1,580 सुजुकी’ जैसी कंपनियां उभरनी चाहिए। जापान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (JCCI) और भारतीय दूतावास की जापान-इंडिया बिजनेस कंसल्टेटिव कमेटी (JIBCC) के साथ आयोजित गोलमेज बैठक में गोयल ने भारत में जापानी निवेश और कारोबार के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।

चार दशक की सुजुकी यात्रा का दिया उदाहरण

पीयूष गोयल ने भारत में पिछले चार दशकों के दौरान सुजुकी की कारोबारी यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि जापानी कंपनियों ने भारत में बड़े स्तर पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि भारत अब ऐसी ही सफलता की कहानियां अन्य जापानी कंपनियों में भी देखना चाहता है।

मंत्री ने कहा कि भारत में काम कर रही करीब 1,580 जापानी कंपनियों के लिए भी ऐसी ही विकास यात्रा की उम्मीद है। उनका लक्ष्य है कि ये कंपनियां भारत में अपने कारोबार का विस्तार करें और वैश्विक स्तर पर मजबूत कंपनियों के रूप में उभरें।

जापानी कंपनियों के लिए भारत में बड़े अवसर

गोयल ने कहा कि भारत का युवा कार्यबल, तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और दीर्घकालिक विकास की महत्वाकांक्षाएं जापानी कारोबारों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने बताया कि भारत की औसत कामकाजी आबादी 30 वर्ष से कम है और आने वाले कई दशकों तक देश में युवा कार्यबल की उपलब्धता बनी रहने की उम्मीद है।

इससे जापानी कंपनियों को कुशल मानव संसाधन के साथ-साथ तेजी से बढ़ते भारतीय उपभोक्ता बाजार तक पहुंच मिल सकती है।

2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

वाणिज्य मंत्री ने भारत के 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य है, लेकिन 1.4 अरब भारतीय इसे हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ को दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहयोग को नई ऊंचाई देने का अवसर बताया। गोयल ने कहा कि भारत में मौजूद जापानी कंपनियों की संख्या को इस दशक में मौजूदा स्तर से दोगुना करने की दिशा में प्रयास होने चाहिए।

चार दिवसीय जापान दौरे पर हैं पीयूष गोयल

पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त तक जापान की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। वह 200 से अधिक सदस्यों वाले भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य भारत-जापान व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करना और भारतीय विनिर्माण क्षेत्र में जापानी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाना है।

READ MORE : महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत दिए निर्देश; दिव्यांग की जमीन भी होगी कब्जामुक्त | DD News Uttar Pradesh

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This