Banke Bihari Temple : हरियाली तीज पर बांके बिहारी के अलौकिक दर्शन, सोने-चांदी के हिंडोले में विराजे ठाकुर जी | DD News Uttar Pradesh

Share This Article

Banke Bihari Temple : ब्रज की पावन भूमि पर इन दिनों हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड का अद्भुत उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे वृंदावन में चारों तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल है। अगर आप भी इस खास मौके पर वृंदावन जाकर ठाकुर जी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है। इस बार हरियाली तीज पर भक्तों को ठाकुर बांके बिहारी जी के बेहद अलौकिक रूप के दर्शन हो रहे हैं।

8 लाख की पोशाक और सोने-चांदी के हिंडोले में दर्शन

हरियाली तीज के दिन वृंदावन के श्रीठाकुर बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी साल में सिर्फ एक बार विशाल सोने-चांदी के हिंडोले (झूले) में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते हैं। इस बार ठाकुर जी ने हरे रंग की बेहद खूबसूरत जरी और कढ़ाई वाली करीब 8 लाख रुपये की पोशाक धारण की है। 1000 किलो चांदी और 10 किलो सोने की परत से बने इस ऐतिहासिक हिंडोले को बनाने में 20 कारीगरों को 5 साल का समय लगा था। हिंडोले में विराजे बांके बिहारी जी के साथ आसपास अष्ट सखियों का सजावट भी श्रद्धालुओं का मन मोह रहा है।

पहली बार 14 घंटे खुलेंगे बांके बिहारी मंदिर के पट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर कमेटी ने इस बार दर्शन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। मंदिर के कपाट दिन में कुल 14 घंटे खुले रहेंगे। सुबह के समय दर्शन 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होंगे। इसके बाद शाम को 4:15 बजे से दोबारा दर्शन शुरू होकर रात 11:00 बजे तक चलेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन और कमेटी की तरफ से 1 लाख से अधिक पानी की बोतलें बांटी जा रही हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान

वीकेंड और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी होने की वजह से बांके बिहारी, श्री कृष्ण जन्मस्थान, प्रेम मंदिर और राधा रानी मंदिर बरसाना में करीब 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरे वृंदावन को 4 सुपर जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल, पीएसी और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।

रूट डायवर्जन और गाड़ियों के लिए पार्किंग व्यवस्था

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 14 अगस्त की मध्यरात्रि से ही बाहरी वाहनों का वृंदावन में प्रवेश बंद कर दिया गया है। छटीकरा, वैष्णो देवी तिराहा, रुकमणि बिहार गोलचक्कर और मथुार-वृंदावन मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए आईटीआई पार्किंग, मंडी पार्किंग, मल्टीलेवल पार्किंग, वैष्णो देवी पार्किंग और सौ-फुटा रोड पर गाड़ियों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

READ MORE : राम मंदिर चंदा विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान, अयोध्या में विपक्ष पर साधा निशाना | DD News Uttar Pradesh

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This