Lucknow Airport Security : 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के जश्न को देखते हुए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थिति चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट) की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को सरोजनीनगर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की संयुक्त टीम ने पूरे एयरपोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
डॉग स्क्वायड और बीडीएस (BDS) के साथ चलाया गया चेकिंग अभियान
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए चलाई गई इस विशेष मुहिम में डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) की टीमों को भी शामिल किया गया था। जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर के जरिए यात्रियों के हैंड बैग और अन्य सामान की गहनता से पड़ताल की। इसके साथ ही एयरपोर्ट परिसर, वेटिंग एरिया और आसपास के संवेदनशील इलाकों में डॉग स्क्वायड की मदद से चप्पे-चप्पे को खंगाला गया।
आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की हुई तलाशी
सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले सभी मुख्य रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है। परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है ताकि कोई भी संदिग्ध वस्तु अंदर न पहुंच सके। अधिकारियों और जवानों की संयुक्त टीम ने एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों में पैदल गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति की अगुवाई में पुलिसकर्मियों और सीआईएसएफ के अधिकारियों ने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
यात्रियों के लिए जारी की गई सुरक्षा गाइडलाइंस
चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों से सतर्क रहने की अपील भी की। अधिकारियों ने यात्रियों से कहा कि वे किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और अगर परिसर में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या सामान दिखाई दे, तो उसकी तुरंत सूचना पास मौजूद सीआईएसएफ जवानों या पुलिसकर्मियों को दें। स्वतंत्रता दिवस के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर अमौसी एयरपोर्ट पर अगले कुछ दिनों तक यह अलर्ट जारी रहेगा।
READ MORE : पीएम मोदी ने बंटवारे का दर्द सहने वालों को किया नमन | DD News Uttar Pradesh







