Ayodhya Sawan Mela : अयोध्या नगरी में सावन मेले की धूम मची हुई है और देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे समय में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामभक्तों को एक बहुत बड़ा उपहार दिया है। अब भव्य मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रथम तल पर स्थित राम दरबार के दर्शन के लिए अलग से पास बनवाने की जरूरत नहीं होगी। ट्रस्ट ने इस पास व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है।
अब सुगम होंगे राम दरबार के दर्शन
पहले नित्य केवल पांच हजार श्रद्धालु ही पास के माध्यम से राम दरबार का दर्शन कर पाते थे। इसके लिए श्रद्धालुओं को लंबी औपचारिकताओं और आवेदन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। लेकिन अब इस नई व्यवस्था के तहत सामान्य कतार में लगे भक्त रामलला के दर्शन करने के बाद सीधे ऊपर जाकर राम दरबार की अलौकिक छवि को निहार सकेंगे। इस फैसले से दर्शन व्यवस्था न सिर्फ सरल और पारदर्शी हुई है, बल्कि भक्तों के समय की भी काफी बचत होगी। सावन महीने में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राम दरबार के सुगम दर्शन के लिए कुल पांच अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। इन लाइनों के जरिए श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के कतारबद्ध होकर आराम से आगे बढ़ सकेंगे। ट्रस्ट के इस कदम से सावन मेले में आए लाखों श्रद्धालुओं में भारी खुशी देखने को मिल रही है।







