Kanwar Yatra Security : सावन के पावन महीने में जारी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रही है। यमुनापार और पूर्वी दिल्ली के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था भी बनी रहे, इसके लिए 3000 पुलिसकर्मियों के साथ-साथ ड्रोन और 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।
3000 जवान, ड्रोन और 1000 सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी
पूर्वी Range के संयुक्त पुलिस आयुक्त एके सिंगला ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीन हजार पुलिसकर्मियों के अलावा 15 से ज्यादा अर्धसैनिक बल की टीमें, 100 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम और 40 क्रेन तैनात की गई हैं, ताकि किसी वाहन के खराब होने पर तुरंत रास्ता साफ कराया जा सके। सभी प्रमुख शिविरों में सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इसके साथ ही शिविर आयोजकों को फायर सेफ्टी, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन और अधिकारियों का निरीक्षण
उत्तर पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने जानकारी दी कि सड़कों पर कांवड़ियों के लिए अलग से विशेष लेन बनाई गई है। पुलिस अधिकारी खुद रोजाना शिविरों और मार्गों का जायजा ले रहे हैं। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के अनुसार, पुलिस का फोकस सुरक्षा के साथ-साथ साफ-सफाई और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी है, जिससे यात्रियों और आम जनता दोनों को राहत मिले। आगामी दो-तीन दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
भारी वाहनों की नो-एंट्री और शाहदरा जीटी रोड पर रूट डायवर्जन
यातायात व्यवस्था को लेकर पूर्वी Range के ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त के रमेश ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यात्रा के अंतिम और व्यस्ततम दिनों में शाहदरा जीटी रोड की एक पूरी लेन को सामान्य ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया जाएगा और वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। ट्रैफिक पुलिसकर्मी हर मोड़ पर तैनात हैं ताकि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न बने।







