Lucknow university 69th convocation ceremony: लखनऊ विश्वविद्यालय का 69वां दीक्षांत समारोह आज यानी 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी KGMU के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की, जबकि नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कुलाधिपति ने दीक्षांत समारोह में कुल 1 लाख 25 हजार 239 स्टूडेंट्स को डिजिटल डिग्री प्रदान की। साथ ही, लखनऊ विश्वविद्यालय को पूरी तरह पेपरलेस बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का उद्घाटन किया। समारोह में कुल 204 पदक 111 मेधावियों को दिए गए, जिनमें 80 छात्राओं और 31 छात्रों के नाम शामिल हैं। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि वर्तमान में 44 देशों के विद्यार्थी लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे हैं।
नए शैक्षणिक सत्र में करीब 3,350 सीटों की वृद्धि की गई है, जो लगभग 30 प्रतिशत बढ़ोतरी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय में 324 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, 77 देशों से 3,400 से अधिक विदेशी छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। प्रो. सैनी ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया गया है, जहां हर साल लगभग 20 हजार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Anti-paper leak bill: PM Modi का वीडियो संदेश, कहा- माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा
यह भी पढ़ें: PM Modi Andhra Pradesh Karnataka Visit: अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का उद्घाटन और ₹17,900 करोड़ की सौगात







