Smriti Mandhana TIME 100 : क्रिकेट लवर्स के लिए एक बेहद गर्व की बात सामने आई है। इस समय इंग्लैंड में आईसीसी वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जा रहा है, जहाँ हमारी भारतीय टीम धमाल मचा रही है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही मैच में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की, जिसमें उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। लेकिन इस वर्ल्ड कप के बीच मंधाना के फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है। स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास है और खेल की दुनिया में भारत का नाम एक बार फिर सबसे ऊपर चमका दिया है।
दुनिया के दिग्गजों के बीच इकलौता भारतीय नाम
दरअसल, मशहूर TIME मैगजीन ने साल 2026 के लिए दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों (Most Influential Athletes) की लिस्ट जारी की है। आपको जानकर हैरानी और खुशी होगी कि इस पूरी लिस्ट में जगह बनाने वाली वह इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में उनके साथ फुटबॉल के जादुई खिलाड़ी लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, बास्केटबॉल लेजेंड लेब्रोन जेम्स और टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज जैसे दुनिया के सबसे बड़े एथलीट्स शामिल हैं। इन दिग्गजों के बीच स्मृति का होना यह दिखाता है कि आज वैश्विक स्तर पर उनका क्या मुकाम है।

रिकॉर्ड्स की क्वीन हैं स्मृति मंधाना
29 साल की स्मृति मंधाना के नाम क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो किसी भी खिलाड़ी का सपना होते हैं। वह घरेलू वनडे मैच में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 17 शतक दर्ज हैं, जो कि एक संयुक्त रिकॉर्ड है। एक कैलेंडर ईयर में 1000 से ज्यादा वनडे रन बनाने का कारनामा भी सबसे पहले मंधाना ने ही कर दिखाया था।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में मजदूर बनकर छुपे 13 बांग्लादेशी गिरफ्तार, बॉर्डर पार कराने वाले एजेंट का भी खुला राज
कप्तानी और टीम के लिए शानदार योगदान
मंधाना सिर्फ अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स के लिए नहीं, बल्कि अपनी टीम को जिताने के लिए जानी जाती हैं। उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने साल 2024 और फिर इसी साल 2026 में वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब अपने नाम किया है। पिछले साल जब भारतीय टीम ने आईसीसी वूमेंस वर्ल्ड कप जीता था, तब भी वह टीम की उप-कप्तान थीं और पूरे टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थीं।
