Operation Dahan: उत्तर प्रदेश को पूरी तरह से नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत बरेली पुलिस ने एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस महानिदेशक (DGP) उत्तर प्रदेश के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद के भीतर 1 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक एक विशेष अभियान “Operation Dahan” चलाया गया था. इस चार महीने लंबे चले व्यापक अभियान के अंतर्गत बरेली पुलिस ने अब तक कुल 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत वाले मादक पदार्थों (ड्रग्स) का पूर्ण रूप से विनिष्टीकरण (डिस्पोजल) कर दिया है. बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य की अध्यक्षता में विशेष तौर पर गठित की गई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में इस पूरी कार्रवाई को नियमानुसार पूरा किया गया, जिसके तहत जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज कुल 711 आपराधिक अभियोगों से संबंधित 4632.5 किलोग्राम जब्तशुदा नशीले पदार्थों को हमेशा के लिए नष्ट कर दिया गया।
कोर्ट की अनुमति और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की NOC के बाद इंसिनेटर में हुआ Operation Dahan
पुलिस प्रशासन द्वारा नशीले पदार्थों को नष्ट करने की इस बेहद संवेदनशील प्रक्रिया को पूरी तरह से विधिक और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप अंजाम दिया गया है. इसके लिए सबसे पहले माननीय न्यायालय और संबंधित विभागाध्यक्ष से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई, जिसके बाद पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनिवार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) हासिल किया गया. इन सभी वैधानिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करने के उपरांत परसा-खेड़ा, बरेली में स्थापित अत्याधुनिक इंसिनेटर (Incinerator) के माध्यम से पूरी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ इन नशीले पदार्थों को जलाकर पूरी तरह नष्ट (दहन) कर दिया गया, ताकि पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे।
यह भी पढे: Suryavanshi IIM Case Study: अब क्लासरूम में पढ़ाया जाएगा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का ‘सक्सेस मॉडल’
जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी जारी रहेगी कड़क कार्रवाई
इस बड़ी और प्रभावी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए एसपी नॉर्थ (SP North) मुकेश मिश्रा ने मीडिया को बताया कि पुलिस प्रशासन की तरफ से उठाई गई यह सख्त कानूनी कदम बरेली जनपद को पूरी तरह से नशामुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बेहद मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने साफ शब्दों में अपराधियों और नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को गर्त में धकेलने वाले इस काले कारोबार और अवैध माफियाओं के खिलाफ पुलिस की इस तरह की जीरो टॉलरेंस की नीति और सख्त विधिक कार्रवाइयां भविष्य में भी निरंतर और बिना रुके जारी रहेंगी, ताकि समाज से नशे की इस बुराई को समूल नष्ट किया जा सके।
