भदोही में चल रहे 49वें इंडिया कारपेट एक्सपो और भदोही कारपेट एक्सपो मार्ट के चौथे कालीन मेले में देश-विदेश के खरीददारों की भारी आमद देखी जा रही है। तीन दिनों में कुल 210 विदेशी खरीददार मेले में पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय कालीन उद्योग को नया प्रोत्साहन मिला है। सोमवार को प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने मेले का भ्रमण किया और कालीन निर्यातकों से बातचीत की।
मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि भदोही का यह मेला न केवल प्रदेश बल्कि पूर्वांचल की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विविध रंगों, डिजाइनों और गुणवत्ता वाले कालीन उत्पादों की सराहना की और कहा कि “एक जिला, एक उत्पाद (ODOP)” योजना के तहत कालीन निर्माण के लिए चयनित भदोही जिले में यह आयोजन स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए लाभकारी अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निर्यातकों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और सहकारिता मंत्रालय उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा। राठौर ने कालीन उद्योग को सहकारिता और पारंपरिक कला के सफल समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मेले न केवल व्यापार को बढ़ावा देते हैं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत को भी नई पहचान दिलाते हैं। उन्होंने आयोजकों और स्थानीय प्रशासन को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।