आईपीएल 2026 में Lucknow Super Giants के लिए रविवार का मुकाबला एक और बड़ा झटका लेकर आया। Kolkata Knight Riders के खिलाफ खेले गए रोमांचक मैच में लखनऊ को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। यह इकाना स्टेडियम में टीम की लगातार आठवीं हार रही। मुकाबले के बाद हजारों फैंस निराश होकर आधी रात को थके कदमों से घर लौटे। इस हार के साथ लखनऊ अंकतालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें लगभग समाप्त हो गई हैं।
सुपर ओवर में बिखरी लखनऊ की बल्लेबाजी
मुकाबले का रोमांच तब चरम पर पहुंचा जब आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने छक्का लगाकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया। लेकिन सुपर ओवर में लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। सुनील नारायण ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन और तीसरी गेंद पर एडन मार्करम को आउट कर दिया। लखनऊ केवल 2 रन ही बना सकी। जवाब में कोलकाता के लिए रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया। इस मुकाबले के हीरो Rinku Singh रहे, जिन्होंने 51 गेंदों पर 83 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने कोलकाता को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने दिग्वेश राठी के खिलाफ चार छक्के लगाकर 26 रन बटोरे, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। यह उनका आईपीएल में अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी रहा।
यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम लेगा यू-टर्न, 28 अप्रैल से बारिश के आसार
मोहसिन खान की घातक गेंदबाजी बेकार
लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने अपने आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके। वह इस सीजन में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी।
लखनऊ की बल्लेबाजी फिर हुई फेल
156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत खराब रही। मिचेल मार्श जल्दी आउट हो गए। इसके बाद एडन मार्करम (31) और कप्तान Rishabh Pant (42) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। निकोलस पूरन एक बार फिर फ्लॉप रहे, जबकि मध्यक्रम में आयुष बदोनी और हिम्मत सिंह ने छोटी-छोटी उपयोगी पारियां खेलीं। इकाना स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। कड़ी धूप और गर्मी के बावजूद फैंस दोपहर से ही स्टेडियम में जुटने लगे थे। हर तरफ LSG के समर्थन में नारे गूंज रहे थे। पावरप्ले में विकेट गिरते ही फैंस का उत्साह चरम पर था, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा और अंत में हार मिली, वही फैंस मायूस होकर लौटे।







