Dev Deepawali 2026: धर्म और आस्था की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस विशेष अवसर पर गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नमो घाट पर पहला दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष आयोजन के दौरान करीब 11 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसी के साथ लगभग 15 लाख पर्यटकों के काशी पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा करीब 40 देशों से मेहमान भी इस भव्य उत्सव के साक्षी बनेंगे।
क्रूज से गंगा घाटों का नजारा देखेंगे मुख्यमंत्री
दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्रूज के जरिए गंगा के घाटों पर होने वाली सजावट और दीपोत्सव का नजारा देखेंगे। इस दौरान भव्य गंगा आरती, लेजर शो और ड्रोन शो मुख्य आकर्षण होंगे। कार्यक्रम में आतिशबाजी भी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बार देव दीपावली के आयोजन को लाइव देखेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है। संत रविदास घाट से लेकर आदिकेशव घाट तक दीप जलाए जाएंगे। साथ ही वरुणा नदी के किनारे स्थित मठों और मंदिरों को भी दीपों से सजाया जाएगा।
पांच दीयों से शुरू होकर 85 घाटों तक पहुंचा उत्सव
काशी में देव दीपावली की परंपरा की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। उस समय घाट पर क्रिकेट खेलने वाले कुछ युवाओं ने श्रद्धालुओं से दीये और तेल के लिए आर्थिक सहयोग जुटाया था। इसके बाद पंचगंगा घाट पर पांच दीप जलाकर इस आयोजन की शुरुआत की गई। अगले वर्ष पंचगंगा घाट के साथ बालाजी, सिंधिया, मान मंदिर और अहिल्याबाई घाट पर भी दीपोत्सव मनाया गया।
वर्ष 1987 में दशाश्वमेध घाट को शामिल किए जाने के बाद यह आयोजन 15 घाटों तक पहुंच गया। इसके बाद अस्सी घाट सहित अन्य घाट भी इससे जुड़ते चले गए। धीरे-धीरे स्थानीय लोगों और विभिन्न समुदायों की भागीदारी बढ़ी और देव दीपावली काशी की विशिष्ट पहचान बन गई। वर्तमान में गंगा के 85 से अधिक घाटों पर यह पर्व मनाया जाता है।
घाटों पर विशेष पूजा और आकर्षक सजावट
इस वर्ष दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा। पांडेय घाट पर काशी विश्वनाथ धाम की थीम पर दीपों से झांकी सजाई जाएगी। कुल 11 लाख दीयों में लगभग 50 हजार गोबर से निर्मित दीये शामिल होंगे। दक्षिण भारतीय समुदाय की ओर से 20 हजार दीये दान किए जाएंगे और विशेष रंगोली भी बनाई जाएगी। वहीं, केदारघाट पर बंगाली समाज की महिलाएं विशेष पूजा-अर्चना करेंगी। अस्सी घाट पर जय मां गंगा सेवा समिति की ओर से विशेष आरती आयोजित की जाएगी।
रक्षा के लिए तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
देव दीपावली में पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में 25 आईपीएस, 50 पीपीएस सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा करीब तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालेंगे।
गंगा में 50 बचाव नौकाओं के साथ जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें सक्रिय रहेंगी। एटीएस, क्यूआरटी और एंटी ड्रोन सिस्टम को भी अलर्ट रखा गया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। दीपों की रोशनी, गंगा आरती, सांस्कृतिक परंपराओं और आधुनिक तकनीक के संगम के साथ काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य उत्सव की साक्षी बनने जा रही है।
यह भी पढ़ें: Lucknow में ‘अनादि’ मूर्तिकला प्रदर्शनी का आगाज, कांस्य और पत्थर की कलाकृतियों ने मोहा मन


