Varanasi Air Show : वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन गंगा के ऊपर आसमान रोमांचक नजारों का गवाह बना। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे। तीनों ने एक साथ वायुसेना के विमानों के हवाई करतब देखे। राफेल की गर्जना से लेकर स्वदेशी तेजस की उड़ान तक, इस एयर शो में वायुसेना की क्षमता और पायलटों के कौशल की झलक देखने को मिली।
वाराणसी एयर शो में लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में करीब 100 विमानों ने हिस्सा लिया। इनमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000, जगुआर और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान शामिल रहे। विमानों ने गंगा के ऊपर अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित किया। स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान एलसीए तेजस ने कम ऊंचाई पर उड़ान भरकर अपने करतब दिखाए। वहीं, राफेल की तेज गर्जना ने काशी के आसमान में अलग ही रोमांच पैदा कर दिया।
राफेल की ‘नीलकंठ’ और ‘प्रचंड फॉर्मेशन’
एयर शो के दौरान तीन राफेल विमानों ने ‘नीलकंठ फॉर्मेशन’ बनाई। इसके अलावा ‘प्रचंड फॉर्मेशन’ में छह तरह के लड़ाकू विमान शामिल हुए। इनमें सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए तेजस और मिग-29 शामिल थे। इन विमानों ने आसमान में तीर की नोक जैसी आकृति बनाकर अपनी उड़ान क्षमता और आपसी तालमेल का प्रदर्शन किया।
चार जगुआर विमानों ने ‘पशुपति फॉर्मेशन’ में उड़ान भरी और आसमान में हीरे जैसी आकृति बनाई। जगुआर कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाना जाता है। वहीं, दो मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने भारतीय नौसेना के पी-8आई समुद्री निगरानी विमान के साथ ‘नटराज फॉर्मेशन’ में हिस्सा लिया। इस प्रदर्शन में लड़ाकू विमानों और निगरानी विमान का तालमेल देखने को मिला। एयर शो में सी-295 परिवहन विमान और दो डोर्नियर विमानों ने ‘भैरव फॉर्मेशन’ में हिस्सा लिया। सी-295 का इस्तेमाल सैनिकों और जरूरी सामान के परिवहन में किया जाता है, जबकि डोर्नियर विमान निगरानी और संपर्क जैसे कार्यों में उपयोगी हैं। ‘भगीरथी फॉर्मेशन’ में स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों और अपाचे हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा चेतक हेलीकॉप्टरों ने भी खास प्रदर्शन किया। ग्रुप कैप्टन दीपांकर के नेतृत्व में तीन चेतक हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगा लहराया।
Read more : मन की बात में पीएम मोदी का संदेश, वोकल फॉर लोकल से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था






