UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की तृतीया पर मंगलवार को मां चंद्रघंटा की आराधना की। इस अवसर पर उन्होंने नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण को मजबूत समाज का आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए लगातार काम कर रही है।
मां चंद्रघंटा के स्वरूप से मिलता है नारी शक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए मां चंद्रघंटा के दिव्य स्वरूप का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां चंद्रघंटा नारी शक्ति के तेज, गरिमा और अदम्य साहस की प्रतीक हैं। उनका स्वरूप समाज को यह संदेश देता है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान से ही सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। सीएम योगी ने कहा कि इसी भावना को आत्मसात करते हुए प्रदेश सरकार सुशासन के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में लगातार प्रयास कर रही है।
महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है। वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को मजबूती प्रदान करती है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विवाह को गरिमापूर्ण आधार दिया जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृत्व के दौरान महिलाओं को सहायता प्रदान करती है। उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से राहत और इज्जत घर के माध्यम से गरिमा एवं स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है।
महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा देने पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि घरौनी के जरिए संपत्ति संबंधी अधिकारों को मजबूती मिली है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क बस यात्रा और वृद्धावस्था पेंशन जैसी सुविधाएं सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न पहल महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।
CM योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि डबल इंजन सरकार की हर पहल महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए समर्पित है।



