UP Food Department big action: रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमें पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई हैं। बाजारों में मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने प्रदेश भर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया है। नकली मावा, सिंथेटिक पनीर, मिलावटी दूध और हानिकारक रसायनों के इस खतरनाक खेल को रोकने के लिए जगह-जगह सख्त कार्रवाइयां की जा रही हैं। कहीं लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं, तो कहीं दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है।
संभल में घी बनाने वाली यूनिट पर छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संभल के मौलागढ़ गांव स्थित ‘श्री वृंदावन धाम घी निर्माण इकाई’ पर औचक छापा मारा। शाम 7 बजे से शुरू होकर यह कार्रवाई देर रात 10:30 बजे तक चली। जांच के दौरान मौके से भारी मात्रा में रिफाइंड ऑयल, वनस्पति, आर्टिफिशियल एसेंस, रंग और संदिग्ध रसायन बरामद किए गए।
इसके अलावा, कई तरह के खाद्य व अखाद्य पदार्थों के लेबल भी मिले। टीम ने मौके से कुल 11 नमूने लेकर उन्हें लैब में जांच के लिए भेजा है। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने और लाइसेंस की शर्तों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने यूनिट का लाइसेंस तुरंत निलंबित कर परिसर को सील कर दिया है।
आगरा में 7 हजार लीटर नकली दूध नष्ट
दूध और मावे की सप्लाई रोकने के लिए चेकपोस्टों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। आगरा के सैंया टोल प्लाजा पर खाद्य विभाग की टीम ने मध्य प्रदेश से आ रहे एक संदिग्ध टैंकर को चेकिंग के लिए रोका। चालक द्वारा जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर टीम ने तुरंत दूध के सैंपल लिए।
शुरुआती जांच में मिलावट की आशंका को देखते हुए लगभग 1.75 लाख रुपये मूल्य का 7,000 लीटर दूध मौके पर ही बहाकर नष्ट करा दिया गया। इस कदम से बाजार में बड़ी मात्रा में मिलावटी दूध की खेप पहुंचने से पहले ही रोक दी गई।
प्रदेश भर में मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई
त्योहारों पर शुद्ध सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई है:
-
मेरठ: 2,400 किलोग्राम नकली मावा और 10 क्विंटल संदिग्ध खोया पकड़ा गया।
-
गाजियाबाद: 868 किलो मिलावटी पनीर और 170 किलो असुरक्षित खोया नष्ट कराया गया।
-
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा): 300 किलो नकली पनीर और 100 किलो दूषित रसगुल्ले जब्त कर नष्ट किए गए।
-
बागपत: 455 किलोग्राम मिलावटी मावा और 65 किलोग्राम सिंथेटिक पनीर नष्ट कराया गया।
-
मथुरा: 1,700 किलो से अधिक नकली पनीर और 2,000 लीटर केमिकल युक्त दूध नष्ट हुआ।
-
हापुड़: 700 किलो मिलावटी मावा और 200 किलो सड़ चुका पनीर पकड़ा गया।
-
अमरोहा: 4 क्विंटल मिलावटी रसगुल्ले और 80 लीटर दूषित दूध जब्त किया गया।
नमूनों की जांच और सख्त कानूनी प्रावधान
बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और डेयरी सामानों की जांच के लिए विभाग ने 16 से अधिक नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: ‘Khelo India Dialogue’, PM Modi का खिलाड़ियों-युवाओं से संवाद! Khelo India | DD News UP
