UGC NET Registration : यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। पहले आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 अक्टूबर थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
UGC NET दिसंबर 2026 के लिए उम्मीदवार अब 31 अक्टूबर 2026 को रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को बिना विलंब शुल्क के आवेदन फॉर्म भरने और परीक्षा शुल्क जमा करने का मौका दिया गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाना होगा। आखिरी दिन वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी परेशानी से बचने के लिए बेहतर होगा कि आप समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
UGC NET परीक्षा 2026 की तारीख क्या है?
एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा 14 से 19 दिसंबर के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। आवेदन फॉर्म में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवार 2 से 4 नवंबर 2026 तक करेक्शन विंडो के जरिए सुधार कर सकेंगे। परीक्षा की सिटी इंटिमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
UGC NET के लिए शैक्षणिक योग्यता
यूजीसी नेट के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
- सामान्य और सामान्य-EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।
- OBC-NCL, SC, ST, दिव्यांग और थर्ड जेंडर श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
मास्टर डिग्री के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें निर्धारित नियमों और समयसीमा के अनुसार अपनी डिग्री पूरी करनी होगी। असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश के लिए यूजीसी नेट देने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। वहीं, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए 1 दिसंबर 2026 को अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है। पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
UGC NET Registration कैसे करें?
आवेदन करने के लिए सबसे पहले ugcnet.nta.ac.in वेबसाइट खोलें। इसके बाद दिसंबर 2026 के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके जरूरी जानकारी भरें। फिर व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण दर्ज करें, फोटो और हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और ऑनलाइन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें और उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें। आवेदन पूरा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें।
यह भी पढ़ें: Sultanpur में मां दुर्गा की विदाई, 250 प्रतिमाओं के विसर्जन से भक्तिमय हुआ गोमती तट







