Raksha bandhan का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बाँध कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की तो भाइयों ने भी बहनों की सदैव रक्षा करने का संकल्प लेते हुए उनके सदा सौभाग्य की शुभकामनाएं दी। बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाई तो भाइयों ने भी बहनों को उपहार भी दिए। भाई बहन के अटूट स्नेह का त्यौहार राखी भारतीय संस्कृति का अनुपम उपहार है। भाई-बहन के इस पावन त्योहार पर , राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सीएम योगी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पोस्ट में कहा, मैं देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षा बंधन के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। रक्षा-बंधन की पावन परंपरा, प्राचीन काल से, हमारी उपासना और संस्कृति का अंग रही है। श्रद्धापूर्वक हाथ पर बांधे गए धागे को, रक्षा हेतु पवित्र सूत्र-बंधन, यानी रक्षा-बंधन माना गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, “भाई-बहन के आपसी स्नेह और भरोसे के पर्व रक्षाबंधन पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार हमारे देश की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अपनत्व के अटूट रिश्तों का प्रतीक है। रक्षाबंधन केवल एक रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है।
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, स्नेह, विश्वास, संस्कार एवं आत्मीयता के पावन पर्व रक्षाबंधन की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आइए, भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक इस पवित्र पर्व पर हम सभी अपनी सनातन सांस्कृतिक विरासत एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने हेतु संकल्पित हों।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, “समस्त देशवासियों को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास को समर्पित ‘रक्षाबंधन’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट स्नेह, परस्पर विश्वास और आत्मीयता का यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है।
यह भी पढ़ें: PM Modi ने दी Raksha bandhan और World Sanskrit Day की शुभकामनाएं
