Prayagraj police big action: प्रयागराज के कल्याणी देवी इलाके में पुलिस ने एक मकान में बने गोदाम पर छापा मारकर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 11,037 शीशियां बरामद की हैं। इसके अलावा इंजेक्शन, 35,520 कैप्सूल और 1,61,400 टैबलेट भी मिले हैं।
बरामद दवाओं की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मौके से बैंक दस्तावेज और दवाओं के बैच नंबर मिटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। गोदाम किराये पर लेने वाला आरोपी अरुणी सहगल मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ बरामद दवाओं की सप्लाई और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
डीसीपी सागर जैन ने बताया कि थाना अतरसुइया की टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त होती है कि चौकी कल्याणी देवी क्षेत्र के एक मकान के पीछे अरुणी सहगल नाम के व्यक्ति जिसने गोदाम किराये पर ले रखा था। उसके द्वारा भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ शीरप और नशीली दवाओं का भंडारण हुआ है। इसके बाद एसीपी अतरसुइया और थाना प्रभारी की टीम, औषधि विभाग के निरीक्षक मौके पर पहुंचते हैं।
वहां तलाशी के दौरान कोडीन युक्त (codeine) कफ शीरप (cough syrup) की करीब 11 हजार शीशियां मिलीं। इसके अलावा ब्यूप्रेनोर्फिन करीब 25,000 इंजेक्शन, 35 हजार कैप्सूल और 1 लाख 61 हजार टैबलेट, 8,500 पेंटाजोल के इंजेक्शन मौके पर बरामद हुए।



