Noida Bus Accident : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग के हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक आग लग गई थी। हादसे के वक्त बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धुएं से भर गई बस, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
यात्रियों के मुताबिक, हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक बस के अंदर धुआं भरने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलने की कोशिश की। इस दौरान कई लोगों को चोटें भी आईं। यात्रियों का सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गया।
आग लगने की वजह की जांच जारी
बस में आग किस वजह से लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बस में पटाखे जैसी आवाजें सुनाई देने की बात कही है। इसके आधार पर बस में अवैध रूप से आतिशबाजी ले जाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने के बाद दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। बस की फिटनेस और अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर भी ट्रैवल एजेंसी संचालकों से पूछताछ की जा सकती है।

