Nepal Indian Currency Rules : अगर आप नेपाल घूमने की योजना बना रहे हैं या वहां व्यापार करते हैं, तो आपके लिए एक बहुत ही राहत भरी खबर आई है। नेपाल सरकार ने भारतीय मुद्रा पर लगी पुरानी पाबंदी को हटाते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब नेपाली और भारतीय नागरिक 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट आसानी से नेपाल ले जा सकते हैं और वहां से वापस ला भी सकते हैं। हालांकि, इसके लिए एक तय सीमा रखी गई है। आइए जानते हैं कि इस नए फैसले के तहत क्या-क्या नियम बदले हैं।
25,000 रुपये की तय की गई अधिकतम सीमा
नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) की ओर से जारी ताजा अधिसूचना के मुताबिक, अब भारतीय नागरिक और नेपाली नागरिक प्रति व्यक्ति अधिकतम 25,000 रुपये तक की भारतीय करेंसी अपने साथ ला या ले जा सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल 9 नवंबर 2016 (नोटबंदी) के बाद जारी किए गए नए 200 और 500 रुपये के नोटों पर ही यह नियम लागू होगा। 25,000 रुपये से अधिक की रकम ले जाने पर अभी भी रोक बरकरार रहेगी।
भारत के अलावा किसी तीसरे देश से नहीं ला सकेंगे भारतीय रुपए
नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने इस फैसले को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। उन्होंने बताया कि नेपाली नागरिक केवल भारत से ही नेपाल में भारतीय मुद्रा ला सकते हैं या नेपाल से भारत ले जा सकते हैं। किसी अन्य तीसरे देश से भारतीय मुद्रा नेपाल लाने या ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा विदेशी पर्यटकों के लिए बिना किसी कस्टम डिक्लेरेशन के 5,000 अमेरिकी डॉलर (या उसके बराबर विदेशी मुद्रा) लाने की छूट भी बनी रहेगी।
भारतीय पर्यटकों और व्यापारियों को होगा बड़ा फायदा
साल 2016 में भारत में हुई नोटबंदी के बाद नेपाल ने बड़े भारतीय नोटों पर सख्त पाबंदी लगा दी थी। उस समय से लोग केवल 100 रुपये के नोट ही साथ रख पाते थे, जिससे यात्रा और खरीदारी में काफी परेशानी आती थी। अब 200 और 500 के नोटों की मंजूरी मिलने से नेपाल जाने वाले भारतीय पर्यटकों और सीमा पार व्यापार करने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। इससे दोनों देशों के बीच पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलेगा।
नेपाल सरकार का यह कदम भारत और नेपाल के रिश्तों को और मजबूती देने के साथ-साथ आम नागरिकों की राह आसान बनाने वाला है। लंबे समय से चल रही 100 रुपये के नोटों की मजबूरी खत्म होने से अब नेपाल की यात्रा अधिक सुखद और परेशानी मुक्त हो जाएगी। बस ध्यान रखें कि यात्रा करते समय 25,000 रुपये की तय सीमा का पालन जरूर करें।
करगिल विजय दिवस: भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और ‘ऑपरेशन विजय’ की अमर गाथा







