विपक्षी गठबंधन 'INDIA ब्लॉक' की हलचल के बाद अब सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) भी एक्शन मोड में आ गया है। एनडीए की एक बड़ी बैठक कल यानी बुधवार को दोपहर 3:00 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में बुलाई गई है। इस बैठक में गठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे, जहां सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा।
PM Modi का कार्यकाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली इस सरकार ने जून 2026 में देश की सत्ता में अपने 12 साल का बेमिसाल सफर पूरा कर लिया है। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार देश की कमान संभाली थी। अब जून 2026 में प्रधानमंत्री के रूप में उनके 12 साल से अधिक का समय पूरा हो चुका है। इसी के साथ उन्होंने देश में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर पीएम पद पर रहने का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड
इस मामले में पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। पंडित नेहरू कुल 6,130 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन 1952 में देश के पहले आम चुनाव जीतने के बाद से उनका निर्वाचित कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा था। पीएम मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में इस आंकड़े को पार कर लिया है। भारत मंडपम में होने वाली NDA की बड़ी बैठक में इसी ऐतिहासिक कार्यकाल और सेवा-सुशासन के संकल्पों पर चर्चा की जाएगी।
यह बैठक न केवल सरकार की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए है, बल्कि भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रहा है। दिल्ली में होने वाली इस बड़ी बैठक में देशभर से एनडीए के घटक दलों के नेता, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे, जिसमें महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी होंगी।
