Mumbai fire: मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित 13 मंजिला कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया।
इलेक्ट्रिकल डक्ट के जरिए फैली लपटें
अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 6:53 बजे हुआ। आग इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में लगी थी और देखते ही देखते वायरिंग के जरिए फैल गई। पूरे परिसर में धुएं का गुबार भर गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दमकल की गाड़ियों ने 28 मिनट के भीतर, यानी सुबह 7:21 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घायलों की स्थिति और इलाज
आग की वजह से कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक पांच साल का बच्चा और दो किशोर लड़कियां शामिल हैं। धुएं के कारण आठ लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जबकि एक व्यक्ति के पैर में चोट आई है। सभी घायलों को तुरंत पास के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।
हादसे के बाद पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर मुस्तैद रहीं। फिलहाल आग लगने की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Lucknow News : निगोहां-बछरावां टोल प्लाजा पर पलटा ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरा लोडर, वायरल हुआ हादसे का वीडियो