Mathura Fire : मथुरा में मंगलवार रात एक गद्दा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसपास धुएं का गुबार छा गया। घटना जमुनापार थाना क्षेत्र में राया रोड पर लोहवन के पास हुई। आग से फैक्ट्री में रखा गद्दा और अन्य सामान जल गया। नुकसान लाखों रुपये का होने का अनुमान है। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लोहवन के पास निशि एंटरप्राइजेज नाम से गद्दा फैक्ट्री संचालित है। मंगलवार रात करीब नौ बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। इनमें तीन गाड़ियां मथुरा से और एक मांट से बुलाई गई थी। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखे तैयार और अधबने गद्दे समेत अन्य सामान जल गया। एक बाइक भी आग से क्षतिग्रस्त हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार के मुताबिक, फिलहाल कुल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। आग लगने की वजह का भी पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है।