Lucknow police big action: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। लखनऊ में एक चलते ऑटो के भीतर व्यापारी की 56 साल की पत्नी के साथ छेड़खानी करने और विरोध करने पर उन्हें चलती गाड़ी से नीचे फेंकने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने रविवार देर रात एक एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस के सामने रहम की भीख मांगने लगा। उसे तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर तान दी थी पिस्तौल
पूर्वी क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त (DCP) डॉ. दीक्षा शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गाजीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस टीम रविवार देर रात इलाके में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शनिवार रात महिला से दरिंदगी करने वाला मुख्य आरोपी एक संदिग्ध ऑटो से बंधा रोड की तरफ से गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बंधा रोड पर घेराबंदी कड़ी कर दी। कुछ देर बाद जब पुलिस को वही संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया, तो टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और ऑटो को तेजी से मोड़ा, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। इसके बाद ऑटो से निकलकर भाग रहे बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाएं पैर में जा लगी। आरोपी की पहचान सनी कश्यप (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है और यहां मड़ियांव इलाके में छिपकर रह रहा था।
दुकान से लौट रही महिला के साथ हुई थी हैवानियत
यह पूरी खौफनाक घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। गोमतीनगर के रहने वाले एक व्यापारी ने गाजीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जानकीपुरम में एक दुकान है। शनिवार रात को उनकी 56 वर्षीय पत्नी दुकान बढ़ाकर घर लौटने के लिए एक ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में ड्राइवर के अलावा पिछली सीट पर एक और युवक (सुमित कश्यप) बैठा हुआ था।
जैसे ही ऑटो रिंग रोड ओवरब्रिज के पास पहुंचा, पीछे बैठे युवक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाना चाहा, तो ऑटो चालक सनी और उसके साथी सुमित ने मिलकर महिला का मुंह दबा दिया, उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया।
सेक्टर-25 चौराहे के पास सड़क पर फेंका
हैरान करने वाली बात यह है कि जब महिला खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती रही, तो इन बेरहम बदमाशों ने सेक्टर-25 चौराहे के पास महिला को चलते ऑटो से नीचे सड़क पर फेंक दिया। रफ्तार तेज होने के कारण महिला सड़क पर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गईं, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद रविवार दिन में ही एक आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी सनी कश्यप को रात में एनकाउंटर के बाद दबोचा गया।
