Kolkata News: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात मची भगदड़ के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूजा समिति के आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनका हाल जानने के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल का दौरा किया। घटना के बाद से राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ पुलिस जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
सीएम ने पीड़ितों के लिए मआवजे और एसआईटी (SIT) जांच का किया ऐलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज पहुंचकर हादसे के पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दुखद घटना के बाद, राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है, जबकि घायलों को 5 लाख रुपए और मुफ्त इलाज मिलेगा।
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने भी मृतकों के लिए 2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की सहायता की घोषणा की है। सीएम ने कोलकाता उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की अध्यक्षता में मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) के गठन की घोषणा की। जिसके साथ ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज (CCTV) खंगालने के साथ पूछताछ शुरू कर दी है।
सुरक्षा के मद्देनजर कोलकाता के बोबाजार में 3 दिनों के लिए धारा 163 लागू
कोलकाता पुलिस के अनुसार, कॉलेज स्ट्रीट, सीआर एवेन्यू, कोलूटोला स्ट्रीट और ईडन हॉस्पिटल रोड के बीच स्थित बोबाजार थाना क्षेत्र में 18 से 20 अक्टूबर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 प्रभावी रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर इस दौरान पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, खतरनाक हथियार साथ रखने तथा शांति भंग करने वाली हर गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह भी पढ़ें: माँ महागौरी की अलौकिक कथा, स्वरूप और कन्या पूजन