Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के एक बड़े हिस्से में मौसम के विकराल रूप धारण करने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में विकसित हो रहा स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में तीव्र होकर ‘Deep Depression’ (गहरे कम दबाव के क्षेत्र) में बदलने जा रहा है। इस मौसमी बदलाव के कारण मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश का red alert
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके प्रभाव से 24 सितंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में अत्यंत भारी बारिश (20 सेंटीमीटर से अधिक) हो सकती है। इसके अलावा, 23 और 24 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
Bihar, UP और Jharkhand में आंधी-तूफान के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवाती दबाव की वजह से 23 से 26 सितंबर के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी:
झारखंड: 22 से 24 सितंबर तक 40 से 50 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलने, गर्जना और बारिश की संभावना है।
बिहार: 24 से 27 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल व तेलंगाना: 23 से 26 सितंबर के दौरान उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में आकाशीय बिजली चमकने और भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
Delhi-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
देश के बाकी राज्यों के विपरीत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में 21 से 24 सितंबर के दौरान मुख्य रूप से धूप खिलेगी और आसमान साफ रहेगा। इस अवधि में दिन का अधिकतम तापमान 33°C से 36°C और रात का न्यूनतम तापमान 21°C से 25°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि 10 से 22 किमी/घंटे की रफ्तार से शुष्क हवाएं चलेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की औपचारिक विदाई के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। हालांकि, मॉनसून जाने के तुरंत बाद 26 और 27 सितंबर को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: Chitrakoot News: सेवा संकल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी







