Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक के सबसे निचले स्तर पर रहा। मौसम में आए इस बदलाव से आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही सप्ताह के आखिर में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार की रात दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। मध्य और दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों में ओले गिरने की सूचना मिली। दिल्ली के आसपास हरियाणा के फिरोजपुर, सिरसा, कुरुक्षेत्र और फतेहाबाद में भी कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। कैथल में तेज हवाओं की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। IMD ने मौसम में इस बदलाव के पीछे ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों पर सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से निचले स्तरों पर आ रही नमी को प्रमुख कारण बताया है।
आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान आने वाले दिनों में 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है। रविवार सुबह 8:30 बजे तक अलग-अलग मौसम केंद्रों पर बारिश के आंकड़े भी दर्ज किए गए। सफदरजंग में 4.4 मिलीमीटर, लोधी रोड में 5.8 मिलीमीटर और दिल्ली रिज में 0.8 मिलीमीटर बारिश हुई। रविवार को पालम में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री, लोधी रोड पर 16.4 डिग्री, रिज में 16.2 डिग्री और अयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो पालम में 29.4 डिग्री, लोधी रोड में 31 डिग्री, रिज में 31.4 डिग्री और अयानगर में 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश?
मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर के आसपास दिल्ली-NCR में हल्की बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई है। हालांकि, बारिश की स्थिति स्थानीय मौसम और पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों पर निर्भर करेगी। तापमान में गिरावट और बीच-बीच में होने वाली बारिश के चलते लोगों को सुबह और देर शाम मौसम में बदलाव महसूस हो सकता है। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखना उपयोगी रहेगा।
बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया। रविवार को 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 153 रहा, जबकि शनिवार को यह 191 दर्ज किया गया था। यानी एक दिन में AQI में 38 अंकों का सुधार हुआ। हालांकि, दोनों दिन दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में रही। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 से 28 अक्टूबर के बीच प्रदूषण बढ़ने और AQI के खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। अगले छह दिनों में हवा की गुणवत्ता मध्यम और खराब श्रेणियों के बीच रह सकती है।
READ MORE : सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी पाती, रामायण के आदर्शों को अपनाने की अपील







