Yogi ki Pati: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रशासनिक कार्यों और जन समस्याओं के निस्तारण में जुटे रहते हैं। चाहे लखनऊ हो या गोरखपुर, वे नियमित रूप से ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुनते हैं और गो सेवा भी करते हैं। इसी कड़ी में अब वे हर सोमवार को प्रदेशवासियों के नाम एक पत्र यानी पाती लिखते हैं। इस बार सीएम योगी आदित्यनाथ की 49वीं पाती सामने आई है, जिसमें उन्होंने लोगों से एक खास अपील की है।
CM Yogi ने अपनी 49वीं पाती के जरिए प्रदेशवासियों को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ अयोध्या पहुंचकर इस बार का भव्य दीपोत्सव जरूर देखें।
अयोध्या दीपोत्सव
CM Yogi ने अपने पत्र में लिखा कि दीपोत्सव सनातन चेतना के पुनर्जागरण और हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसका संबंध सिर्फ हमारी पुरानी परंपराओं से ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन के नैतिक मूल्यों से भी है। यह पर्व हमें प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की पावन स्मृति दिलाता है और साथ ही भरत जी के त्याग का संदेश भी देता है।
उन्होंने याद दिलाया कि भरत जी ने 14 वर्षों तक राजसुख छोड़कर केवल प्रभु राम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखा। इस प्रसंग से हमें यह सीख मिलती है कि सत्ता का वास्तविक अर्थ अधिकार जमाना नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे लिखा कि दीपोत्सव के दिन मां सरयू का तट दीपों की माला से सजेगा और राम की पैड़ी पर जलते लाखों दीये पूरी अयोध्या को रोशन करेंगे। इस भव्य आयोजन से केवल धार्मिक आस्था ही नहीं जुड़ी है, बल्कि इसका एक आर्थिक पहलू भी है। मिट्टी के दीये बनाने वाले कुम्हारों, फूल बेचने वालों और होटल कारोबारियों को इससे सीधा आर्थिक लाभ मिलता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जहां प्रकाश होता है, वहीं सुरक्षा महसूस होती है। सुरक्षा से प्रदेश में निवेश के नए मौके बनते हैं, निवेश से विकास की रफ्तार तेज होती है और विकास से ही युवाओं के लिए नए रोजगार पैदा होते हैं। उत्तर प्रदेश ने अब एक ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना ली है।
यह भी पढ़ें: Azam Khan News: Rampur जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार, PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा







