उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से Ballia पहुंचे। उन्होंने सरयू और गंगा नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का गहन हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जमीनी स्तर पर बाढ़ पीड़ितों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत सामग्री का वितरण किया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया जिले की बांसडीह, बलिया सदर और बैरिया तहसील का दौरा किया। उन्होंने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सहतवार अंतर्गत गलाफरपुर मौजे में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को 50 किलो की संपूर्ण राशन किट उपलब्ध करा रही है, ताकि संकट की इस घड़ी में भोजन की कोई समस्या न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सभी पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
Ballia में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं पीड़ितों को राहत किट प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नावों, दवाइयों और शुद्ध पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे बलिया में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आने वाले थे, लेकिन आपदा की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सबसे पहले बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही बलिया को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जाएगी।
सपा सरकार पर साधा निशाना
राहत सामग्री वितरण के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में बाढ़ पीड़ितों को 500 ग्राम राशन भी नहीं मिलता था और राहत सामग्री के नाम पर केवल लूट मचती थी।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सपा शासन में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ का दौर था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सपा कार्यकाल में त्योहारों से पहले दंगे होते थे और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और माफिया या तो जेल में होंगे या फिर सीधे जहन्नुम जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Greater noida encounter: मारा गया 7 साल की बच्ची का हत्यारा बलराज

