Azamgarh News : दशहरा और दुर्गा पूजा के मौके पर मिठाई खरीदने से पहले थोड़ी सावधानी जरूर बरतें। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने 32 दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 17 हजार रुपये की 75 किलो अस्वच्छ मिठाई नष्ट कराई गई।
32 दुकानों पर हुई जांच
त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध मिठाई और फलाहार उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग ने यह अभियान चलाया। अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने जिले की 32 खाद्य दुकानों की जांच की। इस दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के कुल 39 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को सील करके जांच के लिए राजकीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
75 किलो मिठाई कराई गई नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम को करीब 75 किलो अस्वच्छ मिठाई मिली, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार रुपये बताई गई। अधिकारियों ने इस मिठाई को नष्ट करा दिया। साथ ही, संबंधित दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार करने की चेतावनी दी गई। त्योहारों में मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, रंग और गंध पर ध्यान दें। हमेशा साफ-सुथरी दुकान से मिठाई खरीदें और पैक्ड उत्पादों पर निर्माण व एक्सपायरी की तारीख जरूर देखें।