Ayodhya Deepotsav 2026: रामनगरी अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को डीएम शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने राम की पैड़ी और रामकथा पार्क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
दीपोत्सव में झांकियां, शोभायात्राएं और राम की पैड़ी पर विशेष शो आयोजित किए जाएंगे। अब तक करीब 10 लाख दीयों की आपूर्ति हो चुकी है। स्थानीय कुम्हारों से भी दीये खरीदे जा रहे हैं। नगर निगम साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी, जबकि पुलिसकर्मी विभिन्न सेक्टरों और जोन में तैनात रहेंगे।
इस बार विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाटों पर दीप सजाये जायेंगे जबकि पिछले वर्षों में 55 घाटों पर दीपोत्सव आयोजित होता था। दीपों को व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से सजाने के लिए चार वर्ग फुट के ब्लॉक बनाए जा रहे हैं और मार्किंग का काम अगले तीन से चार दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। दीप सज्जा और प्रज्ज्वलन के लिए अवध विश्वविद्यालय करीब 35 हजार स्वयंसेवक तैनात करेगा। उन्होंने बताया कि इनमें विभिन्न डिग्री और इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे और स्वयंसेवकों को घाटवार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी जिसके लिये उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, स्वयंसेवकों की पहचान के लिए क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिनमें नाम, फोटो, मोबाइल नंबर और तैनाती स्थल जैसी जानकारियां होंगी। अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन दीपों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
यह भी पढे़ं: Lucknow में CM Yogi ने किया ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन | Sadhana Shrankhla-2026







