जनपद फतेहपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अब उन्हें बारिश, गर्मी और अन्य कठिन परिस्थितियों से निजात मिल रही है।
लाभार्थी सुनीता ने बताया कि पहले घर न होने से परिवार को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बरसात और सर्दी में खुले आसमान के नीचे रहना मुश्किल हो जाता था। लेकिन अब पक्का मकान बनने से जीवन आसान हो गया है और परिवार सुरक्षित महसूस करता है। वहीं इंद्रपाल ने कहा कि मकान के साथ शौचालय निर्माण होने से महिलाओं को बाहर जाने की समस्या से छुटकारा मिल गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना गरीबों की जिंदगी में नई उम्मीद लेकर आई है। लाभार्थी अनीता और शिव प्यारी ने भी अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि अब उन्हें अपने बच्चों के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
फतेहपुर जिले में चल रही यह योजना गरीबों को छत मुहैया कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने की राह भी दिखा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ मिल रहा है, जिससे जनता सरकार की इस पहल की सराहना कर रही है।