ब्रज से काशी तक भक्ति का सेतु: श्रीकृष्ण जन्मभूमि से काशी विश्वनाथ धाम के लिए महाप्रसाद रवाना

Share This Article

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि से काशी विश्वनाथ धाम, वाराणसी के लिए एक विशेष महाप्रसाद यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ रवाना की गई। यह महाप्रसाद महाशिवरात्रि के दिन काशी में भगवान विश्वनाथ को अर्पित किया जाएगा। इस आयोजन को ब्रज और काशी के बीच गहरे आध्यात्मिक संबंधों को सुदृढ़ करने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

सनातन परंपरा में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। यह पर्व भगवान शिव और माता गौरी के विवाह तथा शिवलिंग के प्राकट्य का प्रतीक माना जाता है। इसी आध्यात्मिक भाव के साथ यह महाप्रसाद यात्रा आयोजित की गई।

विशेष पूजन सामग्री काशी के लिए प्रेषित

श्रीकृष्ण जन्मभूमि से काशी विश्वनाथ के लिए रवाना महाप्रसाद यात्रा में फलाहारी लड्डू, मेवा, ताजे फल, माता गौरी के श्रृंगार की सामग्री, आभूषण और विशेष पूजन सामग्री शामिल की गई है। यह समस्त प्रसाद विधि-विधान से तैयार कर काशी विश्वनाथ धाम भेजा गया, जहां महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव को समर्पित किया जाएगा

श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि यह यात्रा ब्रज और काशी के बीच आध्यात्मिक सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में सभी देवी-देवताओं की उपासना एक ही चेतना और ऊर्जा का प्रतीक है, और यह आयोजन उसी भाव को साकार करता है।

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

महाप्रसाद यात्रा को एक भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाला गया। यह यात्रा अन्नपूर्णेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर भगवान श्रीकेशवदेवजी, मां योगमायाजी, श्रीगर्भ-गृहजी होते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य द्वार तक पहुंची। इस दौरान ढोल, मृदंग, मंजीरे और बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि

श्रद्धालुओं द्वारा किए जा रहे जयघोष, पुष्प-वर्षा और भक्ति गीतों के बीच महाप्रसाद यात्रा काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुई। इस दृश्य ने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

सनातन एकता का प्रतीक

संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि ब्रजभूमि वह पावन स्थान है, जहां भगवान शिव बाबा भूतेश्वरनाथ के रूप में कोतवाल बनकर विराजमान हैं। ऐसी पवित्र भूमि से शिवरात्रि महोत्सव के लिए भेजा गया प्रसाद करोड़ों सनातनी श्रद्धालुओं के लिए आनंद और आस्था का स्रोत बनेगा।

प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. रोशन लाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम और भगवान शिव सनातन धर्म की आत्मा हैं। तीर्थों और सनातनियों के बीच एकता से ही भारत अपने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव को पुनः प्राप्त कर सकता है।

श्रद्धा, परंपरा और विरासत का संगम

इस शोभायात्रा में संस्थान के उप प्रबंधक अनुराग पाठक, प्रभारी जनसंपर्क विजय बहादुर सिंह, मंदिर के पूजाचार्य तथा बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। ब्रजवासियों का मानना है कि ऐसी धार्मिक परंपराएं देश की आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करती हैं और सनातन चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।

यह भी पढे़- Yashoda Mata Janmotsav: नंदगांव में माता यशोदा का जन्मोत्सव धूमधाम से संपन्न, नंद बाबा मंदिर में हुए धार्मिक आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This