नई दिल्ली: लोकसभा में अपना रिकॉर्ड नौवां केंद्रीय बजट पेश करने से पहले रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। परंपरा के अनुसार, संसद जाने से पहले वह राष्ट्रपति भवन पहुंचीं और राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वित्त मंत्री को शुभ संकेत के रूप में दही-चीनी भी खिलाया।
राष्ट्रपति भवन रवाना होने से पहले निर्मला सीतारमण ने कर्तव्य भवन स्थित अपने कार्यालय परिसर में बजट तैयार करने वाली टीम के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। इस दौरान उन्होंने ‘मैजेंटा’ रंग की रेशमी साड़ी पहन रखी थी और राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न से सजे लाल रंग के पाउच में टैबलेट थामे नजर आईं। उनके साथ वित्त राज्यमंत्री और वित्त मंत्रालय के सभी छह सचिव भी मौजूद थे।

राष्ट्रपति से मिलने पहुंचीं निर्मला सीतारमण
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय बजट पेश किए जाने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने बजट प्रस्तुति के लिए वित्त मंत्री और उनके पूरे दल को शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने खिलाया दही-चीनी
संसद के लिए रवाना होने से पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने निर्मला सीतारमण को दही-चीनी खिलाकर बजट प्रस्तुति के लिए शुभ संकेत दिया। इसके बाद वित्त मंत्री मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल हुईं, जहां वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को औपचारिक मंजूरी दी जानी थी। सीतारमण ने वर्ष 2019 में शुरू की गई अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी बजट भाषण को लाल पाउच में ही संसद तक ले जाने का निर्णय बरकरार रखा। यह परंपरा ब्रिटिश काल की ब्रीफकेस व्यवस्था को समाप्त करने के बाद शुरू की गई थी।
बजट में इन मुद्दों पर रहेगा जोर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना लगातार नौवां बजट पेश कर रही हैं। इस बजट में आर्थिक विकास की रफ्तार को बनाए रखने, राजकोषीय अनुशासन को मजबूत करने और अमेरिकी शुल्क सहित वैश्विक व्यापारिक तनावों से भारतीय अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखने वाले सुधारों की घोषणा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।