30 जनवरी को मनाया जाता है ‘विश्व कुष्ठ रोग दिवस’, जागरूकता और कलंक के खिलाफ लड़ाई

विश्व कुष्ठ रोग दिवस

Share This Article

हर साल 30 जनवरी को 'विश्व कुष्ठ रोग दिवस' मनाया जाता है। भारत में इस दिन को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के साथ जोड़कर विशेष रूप से याद किया जाता है, क्योंकि गांधीजी ने कुष्ठ रोगियों के साथ रहकर उनके दर्द को समझा और समाज में उनके प्रति सम्मान की मिसाल दी।

कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक और भेदभाव को खत्म करने की अपील

इस दिवस का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक और भेदभाव को खत्म करना, लोगों में जागरूकता फैलाना और इस बीमारी से प्रभावित लोगों को सम्मानजनक जीवन देने की अपील करना है। कुष्ठ रोग, बैक्टीरिया माइकोबैक्टीरियम लेप्री से होने वाली संक्रामक बीमारी है। हालांकि, यह पूरी तरह से इलाज योग्य है, और मल्टी ड्रग थेरेपी नामक मुफ्त दवाओं से कुछ महीनों में ही मरीज पूरी तरह ठीक हो जाता है। यदि बीमारी का शुरुआती दौर में पता चल जाए, तो हाथ-पैर में कोई स्थायी नुकसान नहीं होता और मरीज सामान्य जीवन जी सकता है।

समाज का कलंक और मरीजों के साथ भेदभाव 

दुख की बात यह है कि आज भी सबसे बड़ी समस्या इलाज नहीं, बल्कि समाज का कलंक और मरीजों के साथ होने वाला भेदभाव है, जिसके कारण कुष्ठ रोगी को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लोग मानते हैं कि यह बीमारी बहुत तेजी से फैलती है, इसका कोई इलाज नहीं है, या यह किसी पाप का नतीजा है। इन गलत धारणाओं के कारण मरीजों के साथ भेदभाव होता है। कई बार परिवार उन्हें घर से निकाल देता है, पड़ोसी दूरी बना लेते हैं, नौकरी छिन जाती है, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और समाज में अलग-थलग पड़ जाते हैं।

कुष्ठ रोग का इलाज आसान, कलंक को मिटाना है असली चुनौती

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, कुष्ठ रोगी को लोग समझते नहीं हैं। कलंक इतना गहरा होता है कि बहुत से लोग लक्षण दिखने पर भी डॉक्टर के पास जाने से डरते हैं। वे सोचते हैं कि अगर किसी को पता चला तो उनका जीवन बर्बाद हो जाएगा। इस डर के कारण बीमारी बढ़ती रहती है, जटिलताएं आती हैं और संक्रमण दूसरों तक पहुंचता रहता है। यही वजह है कि विशेषज्ञों का कहना है, “कुष्ठ रोग का इलाज आसान है, असली चुनौती कलंक को मिटाना है।”

जागरूकता अभियान और कार्यक्रम

30 जनवरी को देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। गांव-गांव में जागरूकता रैलियां, स्कूलों में सेमिनार, स्वास्थ्य शिविर और कुष्ठ रोगियों के साथ संवाद सत्र होते हैं। इन प्रयासों से मिथकों को तोड़ने और शीघ्र जांच-उपचार के महत्व को समझाने की कोशिश की जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और भारत सरकार के संयुक्त अभियान से कुष्ठ रोग के नए मामले लगातार घट रहे हैं, लेकिन पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज का सहयोग भी जरूरी है।

भारत में कुष्ठ रोग के मामले और सरकार की योजना

विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में दुनियाभर के 53 प्रतिशत कुष्ठ रोग के मामले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, भारत साल 2030 तक स्थानीय कुष्ठ रोग मामलों को खत्म करना चाहता है। हालांकि, भारत सरकार ने 2027 तक कुष्ठ-मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है।

कुष्ठ रोग को लेकर जागरूकता फैलाना और समाज में इससे जुड़े कलंक को खत्म करना समय की जरूरत है। ‘विश्व कुष्ठ रोग दिवस’ एक महत्वपूर्ण अवसर है, जब हम इस बीमारी से संबंधित गलत धारणाओं को खत्म कर सकते हैं और प्रभावित लोगों के लिए सम्मानजनक जीवन की दिशा में कदम उठा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Shaheed Diwas 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This