मुंबई। ग्लोबल पंजाबी म्यूज़िक स्टार करण औजला ने अपने जन्मदिन के खास मौके पर फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। सिंगर ने अपने P-POP CULTURE इंडिया टूर 2026 के भारतीय चरण का विस्तार करते हुए अहमदाबाद, कोलकाता, जयपुर, लखनऊ और लुधियाना को भी इसमें शामिल कर लिया है। नए शहरों के जुड़ने के साथ यह मेगा टूर अब भारत के 12 शहरों तक पहुंच गया है, जिसमें पहली बार स्टेडियम परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी।
प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, इन नए शहरों को जोड़ने का फैसला फैंस की जबरदस्त मांग और ऑनलाइन अभियानों के बाद लिया गया है। गौरतलब है कि नवंबर के अंत में शुरू हुई टिकट बिक्री के दौरान सिर्फ पहले घंटे में ही 1 लाख से अधिक टिकट बिक गए थे, जिसके बाद लगातार टूर को और शहरों तक ले जाने की मांग उठ रही थी।
ग्लोबल सफलता के बाद भारत में मेगा कमबैक
P-POP CULTURE इंडिया टूर 2026, करण औजला के 2024 के सुपरहिट ‘ऑल ए ड्रीम इंडिया टूर’ के बाद हो रहा है। उस टूर के तहत कनाडा, यूके, नॉर्थ अमेरिका, न्यूज़ीलैंड और भारत में कुल 10 शो हुए थे, जिनमें 2 लाख से ज्यादा फैंस शामिल हुए थे।
यह टूर कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के बाद आ रहा है, जिनमें करण औजला का Rolling Loud में हेडलाइन करने वाले पहले पंजाबी कलाकार बनना और उनका समीक्षकों द्वारा सराहा गया एल्बम P-POP CULTURE शामिल है, जिसने चार्ट्स पर शानदार प्रदर्शन किया।
टीम इनोवेशन द्वारा निर्मित और प्रमोट किए जा रहे इस टूर में कई बड़े सितारों के कैमियो की भी उम्मीद जताई जा रही है। फैंस को सिंगर के लेटेस्ट एल्बम के ट्रैक्स के साथ-साथ उनके सबसे बड़े ग्लोबल हिट्स से सजा दमदार सेटलिस्ट देखने को मिलेगी।
जन्मदिन पर बोले करण औजला
टूर के विस्तार पर खुशी जाहिर करते हुए करण औजला ने कहा,
“भारत से मिला प्यार हमेशा अविश्वसनीय रहा है। मेरे फैंस पहले दिन से मेरे साथ हैं। जैसे-जैसे मैं एक साल और बड़ा हो रहा हूं, मैं चाहता था कि इस जश्न के केंद्र में मेरे फैंस हों। टूर का विस्तार करना और ज्यादा शहरों में जाना, इस सफर को मेरे साथ जीने वाले हर शख्स के साथ सेलिब्रेट करने का तरीका है।”
P-POP CULTURE इंडिया टूर 2026: पूरा शेड्यूल
-
28 फरवरी – नई दिल्ली
-
3 मार्च – मुंबई, पुणे (होली स्पेशल शो)
-
7 मार्च – अहमदाबाद
-
14 मार्च – चंडीगढ़
-
21 मार्च – इंदौर
-
29 मार्च – बेंगलुरु
-
3 अप्रैल – कोलकाता
-
5 अप्रैल – जयपुर
-
10 अप्रैल – लखनऊ
-
12 अप्रैल – लुधियाना
प्रेस रिलीज़ के अनुसार, मिडिल ईस्ट में डेब्यू के बाद और भारत दौरे के पश्चात P-POP CULTURE वर्ल्ड टूर अमेरिका, यूरोप, एशिया, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम तक पहुंचेगा। इससे समकालीन पंजाबी संगीत में करण औजला की स्थिति एक निर्णायक ग्लोबल स्टार के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
