ICC का बांग्लादेश को अल्टीमेटम: ICC ने बांग्लादेश को T20 विश्व कप विवाद को खत्म करने दी डेडलाइन

T20

Share This Article

T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। भारत में होने वाले अपने मैचों को लेकर बांग्लादेश की आपत्ति पर ICC ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ अल्टीमेटम दे दिया है। ICC ने बांग्लादेश से कहा है कि वह 21 जनवरी तक यह अंतिम फैसला करे कि टीम भारत आकर टूर्नामेंट खेलेगी या नहीं। तय समय सीमा तक सहमति नहीं देने की स्थिति में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा।

क्या है पूरा विवाद ?

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC से मांग की थी कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में होने वाले उसके मैचों को सुरक्षा कारणों से श्रीलंका या पाकिस्तान में शिफ्ट किया जाए। गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट के सह-मेजबान हैं। हालांकि ICC ने शुरुआत से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि तय शेड्यूल में बदलाव संभव नहीं है।

पिछले करीब तीन हफ्तों से BCB और ICC के बीच इस मुद्दे पर लगातार बातचीत चल रही थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बांग्लादेश अपनी मांग पर अड़ा रहा, जबकि ICC ने इसे लॉजिस्टिक, ब्रॉडकास्टिंग और टिकटिंग व्यवस्था के लिहाज से नामुमकिन बताया।

ICC का सख्त रुख

टूर्नामेंट शुरू होने में अब केवल तीन हफ्ते का समय बचा है और ICC का सब्र जवाब दे चुका है। इसी कारण ICC अधिकारियों ने BCB को 21 जनवरी तक की अंतिम डेडलाइन दे दी।

ICC ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत में कोई ठोस सुरक्षा खतरा नहीं है और सभी टीमों को बराबर सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इसके बावजूद यदि बांग्लादेश भारत में खेलने से इनकार करता है, तो उसे T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया जाएगा।

बांग्लादेश का शेड्यूल पहले से तय

तय कार्यक्रम के मुताबिक बांग्लादेश का पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होना है। इसके बाद 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ भी उसके मैच कोलकाता में ही निर्धारित हैं। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ खेला जाना है।

ICC का कहना है कि इतने कम समय में वेन्यू बदलने से न सिर्फ आयोजन व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि ब्रॉडकास्टर्स, टिकट पार्टनर्स और बाकी टीमों के साथ भी बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा।

BCB के सभी प्रस्ताव खारिज

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक और प्रस्ताव दिया था कि बांग्लादेश और आयरलैंड के ग्रुप आपस में बदल दिए जाएं, ताकि बांग्लादेश अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल सके। हालांकि ICC ने इस प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया।

क्रिकेट आयरलैंड ने पहले ही साफ कर दिया है कि उसे अपने मैचों को लेकर “पक्की गारंटी” मिल चुकी है और उसके शेड्यूल में किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बांग्लादेश बाहर हुआ तो किसे मिलेगा मौका ?

अगर बांग्लादेश 21 जनवरी तक ICC की शर्तें नहीं मानता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को T20 टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा। ICC T20 रैंकिंग के अनुसार बांग्लादेश फिलहाल 9वें स्थान पर है। उसके बाद अफगानिस्तान, आयरलैंड, जिम्बॉब्वे और नीदरलैंड का नंबर आता है, लेकिन ये सभी टीमें पहले से ही वर्ल्ड कप का हिस्सा हैं।

ऐसे में 14वें स्थान पर मौजूद स्कॉटलैंड सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरता है, बांग्लादेश के बाहर होने की स्थिति में स्कॉटलैंड को T20 वर्ल्ड कप 2026 में सरप्राइज एंट्री मिल सकती है।

21 जनवरी पर टिकी निगाहें

अब पूरी क्रिकेट दुनिया की नजरें 21 जनवरी पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि बांग्लादेश अंतिम समय में नरमी दिखाता है या फिर T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होकर स्कॉटलैंड के लिए रास्ता खोल देता है। एक बात तय है कि ICC इस बार किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है।

यह भी पढे़ – SNL पर ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ का सरप्राइज रीयूनियन, फिन वोल्फहार्ड के मोनोलॉग में घुसे गैटन और कैलेब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This